'भारतीय चंद्र मिशन सहयोग का एक नया अध्याय'
वाशिंगटन, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के शीर्ष व्यापारिक संगठन यूनाइटेड स्टेट्स इंडिया बिजिनेस कौंसिल (यूएसआईबीस) ने चंद्रयान-1 के सफल प्रक्षेपण को अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के साथ दीर्घकालिक संबंधों की शुरुआत बताया है।
यूएसआईबीसी के अध्यक्ष रोन सोमर्स ने बुधवार को कहा कि नागरिक जरूरतों के मद्देनजर किए जाने वाले अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में यह अनोखी तकनीकी साझेदारी दीर्घकालिक होने के साथ ही दोनों देशों के हित में होगी।
व्यापार संवर्धन के काम से जुड़ा यह प्रमुख संगठन भारत में निवेश करने वाली 280 अमेरिकी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। इस संगठन ने अमेरिकी व्यापार मंडल (यूएस चेंबर ऑफ कामर्स) परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह के जरिए चंद्रायन-1 के सफल प्रक्षेपण पर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस समारोह में अमेरिकी उद्योग के सैकड़ों प्रतिनिधियों के साथ ही ह्वाइट हाउस, विदेश विभाग, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा व भारतीय दूतावास के अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने चंद्रयान-1 के प्रक्षेपण का सीधा वीडियो प्रसारण का लुत्फ उठाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।