मेरी कप्तानी का आकलन करना जल्दबाजी : धोनी
मोहाली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। दूसरे टेस्ट मैच में भारत को आस्ट्रेलिया पर ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि फिलहाल उनकी नेतृत्व क्षमता का आकलन करना जल्दबाजी होगी।
मैच के बाद संवाददाताओं से मुखातिब धोनी ने कहा, "मेरे खाते में दो जीत हैं। इतनी छोटी सफलता के बाद ही मेरी नेतृत्व क्षमता का आकलन करना ठीक नहीं होगा। यह काम तो लंबे समय तक कप्तान रहने के बाद किया जाना चाहिए।"
धोनी ने इस वर्ष कानपुर में भारत को अपनी कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार जीत दिलाई थी। बतौर कप्तान यह उनका पहला मैच था। उस समय भारत 0-1 से पिछड़ रहा था लेकिन धोनी के नेतृत्व में उसने श्रंखला बराबर कर ली।
अपनी टीम की जीत को लेकर धोनी ने कहा, "हम सब एक इकाई के रूप में खेले। हमारे लिए यह मैच यादगार रहेगा। टॉस जीतना भी हमारे लिए अहम साबित हुआ।"
धोनी ने माना कि आस्ट्रेलिया को सिर्फ अच्छे खेल के बूते ही हराया जा सकता है। बकौल कप्तान, "अगर मुझे छींटाकशी करके मैच जीतना होता तो मैं इसके लिए चार-पांच लड़के किराए पर ले आता। छींटाकशी एक सीमा तक स्वीकार्य है लेकिन कुल मिलाकर यह मानना होगा कि आस्ट्रेलिया को हराने के लिए बढ़िया खेलने के सिवाय और कोई चारा नहीं है।"
भारतीय कप्तान ने मोहाली में शानदार प्रदर्शन करने वाले अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "हमारे पास जीतने का मौका था। हमारे गेंदबाजों ने सही वक्त पर मौके को लपक लिया। चारों गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।