राज की गिरफ्तारी से खफा कार्यकर्ताओं ने बसों को निशाना बनाया (लीड-1)
मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे को मंगलवार तड़के करीब चार बजे रत्नागिरी जिले के एक सरकारी अतिथिगृह से गिरफ्तार किए जाने से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र में कई स्थानों पर बसों पर पथराव किया।
नागपुर में कई स्थानों पर राज्य परिवहन की बसों को निशाना बनाया गया। मनसे कार्यकताओं ने पुणे और कोथरूड में कम से कम आठ बसों को अपने गुस्से का निशाना बनाया है। मुंबई के पनवेल में भी बस को निशाना बनाया गया है। नासिक, औरंगाबाद, बीड और विदर्भ के कई कस्बों में ऐसे ही प्रदर्शनों की खबर है।
मनसे नेता हेमंत गडकरी ने आईएएनएस से बातचीत में राज की गिरफ्तारी को कायरतापूर्ण कार्रवाई करार देते हुए कहा कि पार्टी के करीब 100 युवा कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार दस्तों में नागपुर के विभिन्न हिस्सों में फैल गए हैं और अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं।
गडकरी ने बताया, "कार्यकर्ताओं ने अभी तक शहर के चार स्थानों कॉटन मार्केट स्केवयर, अभ्यंकर नगर, एलआईटी(लक्ष्मीनारायण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) गेट और प्रताप नगर पर राज्य परिवहन की बसों पर पथराव किया है।" उन्होंने कहा कि बसों को रुकवाकर उन्हें खाली कराने के बाद उन पर पथराव किया गया।
नागपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त बी. जे. कांगले ने केवल अभ्यंकर नगर में मनसे कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में कोई गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है, क्योंकि वे लोग पथराव के बाद वहां से रफू चक्कर हो गए। उन्होंने बताया कि शहर में सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को मनसे के 15 कार्यकर्ताओं को एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया गया था लेकिन मंगलवार की गिरफ्तारियां तोड़-फोड़ की गतिविधियों की वजह से होंगी और उनमें जमानत पाना मुश्किल होगा।
उधर गडकरी ने कहा है कि जब तक राज की जमानत नहीं हो जाती विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। राज को बांद्रा अदालत में पेश किया जाना है।
राज को मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर की एक अदालत द्वारा जारी किए गए एक वारंट की तामील करते हुए गिरफ्तार किया।
पिछले आठ महीनों में यह दूसरा मौका है जब उन्हें उत्तर भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*