रन अंतर के लिहाज से भारत के सबसे बड़ी जीत
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मोहाली के पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर आस्ट्रेलिया को 320 रनों से हराकर भारत ने टेस्ट मैचों में रनों के अंतर के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
इससे पहले रनों के अंतर के लिहाज से भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ी जीत मिली थी। उसने 1996 में कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में 280 रनों से जीत दर्ज की थी।
रन अंतर के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का विश्व रिकार्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज है। 1928 में ब्रिस्बेन में खेले गए टेस्ट इतिहास के 176वें मैच में इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया को 675 रनों से पराजित किया था।
रन अंतर के लिहाज से भारत को सबसे बड़ी हार आस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली है। वर्ष 2004 में नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर आस्ट्रेलिया ने उसे 342 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
इसके दो वर्ष बाद 2006 में पाकिस्तान ने भी भारत को कराची टेस्ट में 341 रनों से हराया था। वैसे रन अंतर के लिहाज से टेस्ट क्रिकेट की 10 सबसे बड़ी जीत में से सात आस्ट्रेलिया के नाम दर्ज हैं।
बहरहाल, पीसीए मैदान पर भी भारत ने रनों से अंतर के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले इस मैदान पर 1994 में वेस्टइंडीज ने भारत को 243 रनों से हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।