खंडूरी बने रहेंगे मुख्यमंत्री : भाजपा
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि बी. सी. खंडूरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। पार्टी का कहना है कि ऐसी कोई विशेष बात नहीं हुई जिसके चलते राज्य में नेतृत्व परिवर्तन किया जाए।
भाजपा संसदीय दल की प्रवक्ता सुषमा स्वराज ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "खंडूरी के खिलाफ कोई गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है। वहां नेतृत्व परिवर्तन की कोई जरूरत नहीं है। इसलिए खंडूरी मुख्यमंत्री बने रहेंगे।"
सुषमा ने उन खबरों का भी खंडन किया जिनमें कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री बदले जाने की मांग को लेकर उत्तरांचल के लगभग 17 भाजपा विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
उन्होंने कहा, "पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अपने विधायकों से बात कर रहा है। सब कुछ नियंत्रण में है। जहां तक नेतृत्व परिवर्तन का सवाल है तो ऐसा कुछ मुद्दा है ही नहीं कि नेतृत्व परिवर्तन किया जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।