बाल ठाकरे और भतीजे को गिरफ्तार करो : सपा
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आजमी ने सोमवार को शिवसेना प्रमुख बाला साहब ठाकरे और उनके भतीजे व महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे को गिरफ्तार करने की मांग की।
उत्तर भारतीयों पर रविवार को हुए हमले के मद्देनजर उन्होंने राज ठाकरे और शिवसेना के मुखपत्र सामना में पार्टी महासचिव अमर सिंह व अपने बारे में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के कारण बाल ठाकरे को गिरफ्तार करने की मांग की।
उत्तर भारतीयों के खिलाफ हुए हमले के विरोध में दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए आजमी ने कहा, "सत्ताधारी कांग्रेस की सरकार नपुंसक है, क्योंकि अभी तक वह दोनों चाचा भतीजे को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।"
उन्होंने कहा कि दोनों को राज्य में हिंसा फैलाने के आरोप में तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिवसेना और मनसे जैसी राजनीतिक पार्टियां महाराष्ट्र को देश के नक्शे से अलग कर देना चाहती है। उन्होंने इस मौके पर राज ठाकरे को चुनौती दी कि उनमें यदि हिम्मत है तो चार नवम्बर को होने वाले छठ पूजा को रोक कर दिखाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।