10,000 से ऊपर बंद हुआ सेंसेक्स (लीड-2)
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों ने सोमवार को अच्छी बढ़त के साथ सप्ताह की शुरुआत की और सेंसेक्स 248 अंकों की बढ़त के साथ 10,000 के स्तर से ऊपर बंद हुआ। निफ्टी में भी 48 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 185.12 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 10,160.47 पर खुला और कारोबार की समाप्ति पर शुक्रवार बंद के मुकाबले 247.74 अंक यानी 2.48 प्रतिशत की अच्छी बढ़त दर्शाते हुए 10,223.09 पर बंद हुआ। शुक्रवार को यह 9,975.35 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' शुक्रवार बंद के मुकाबले आज 48.45 अंक यानी 1.58 प्रतिशत बढ़त के साथ 3,122.80 पर बंद हुआ। सुबह यह 33.85 अंक की मामूली बढ़त के साथ 3,108.20 पर खु़ला था। शुक्रवार को यह 3,074.35 पर बंद हुआ था।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप सूचकांक हालांकि 38.49 अंक यानी 1.09 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,506.35 पर और स्मालकैप सूचकांक 55.04 अंक यानी 1.32 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,112.82 पर बंद हुआ।
बीएसई में आज सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), प्रौद्योगिकी, बैंक, दैनिक उपभोक्ता वस्तु और हेल्थ केयर खंड के शेयरों में सर्वाधिक बढ़त रही, जबकि अचल संपत्ति, ऊर्जा, पूंजीगत वस्तु, ऑटो और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*