टाटा ने अमेरिकी विश्वविद्यालय को दिया 5 करोड़ डॉलर
न्यूयार्क, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने कार्नेल विश्वविद्यालय को पांच करोड़ डॉलर की सहायता दी है। यह राशि किसी अमेरिकी विश्वविद्यालय को हासिल सबसे बड़ी विदेशी सहायता राशियों में से एक है।
इस सहायता की घोषणा शुक्रवार को विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डेविड स्कार्टन ने अपने संबोधन में की। इस राशि से श्रेष्ठ भारतीय छात्रों को विश्वविद्यालय में भर्ती किया जाएगा और कृषि और पोषण के क्षेत्र में संयुक्त शोध को सहयोग मिलेगा।
टाटा समूह की सहयोगी इकाई टाटा ट्रस्ट की ओर से दी गई इस राशि से कार्नेल को भारतीय वैज्ञानिकों के साथ मिलकर संयुक्त शोध को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
इस सहायता राशि से एक छात्रवृति कोष की स्थापना की जाएगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा भारतीय छात्रों को यहां लाने में प्रयोग किया जाएगा। इस राशि से एक साथ 25 भारतीय छात्रों को एक साथ सहायता मिलेगी।
इस राशि में 2.5 करोड़ डॉलर का प्रयोग टाटा कार्नेल शोध संस्थान और 2.5 करोड़ डॉलर का प्रयोग छात्रवृति कोष स्थापित करने में किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।