चंद्रमा पर झंडा गाड़ेगा भारत : नायर
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। चंद्रयान के अंतरिक्ष में छोड़े जाने के दो दिन पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) के प्रमुख जी. माधवन नायर ने कहा है कि भारत चंद्रमा पर अपना झंडा गाड़ेगा।
नायर ने समाचार चैनल एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि चंद्रमा पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए भारत वहां अपना झंडा गाड़ेगा। चंद्रमा पर झंडा गाड़ने वाले देशों में अमेरिका, रूस व जापान के बाद भारत का चौथा स्थान होगा।
नायर ने दोहराया कि इसरो ने 2015 तक अंतरिक्ष में मानव भेजने की योजना तैयार की है। अंतरिक्ष में मानव भेजने पर 100 अरब रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय संदर्भ में हम बुनियादी उद्देश्यों के लिए अंतरिक्ष तकनीक अपनाने को प्रतिबद्ध हैं। हमने ऐसा किया है और आगे भी इसे जारी रखेंगे। लिहाजा बजट का 80 प्रतिशत हिस्सा आम आदमी के लिए प्रासंगिक कार्यक्रमों पर खर्च होने जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।