चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद जम्मू में उत्साह का माहौल
जम्मू, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों की तिथियां घोषित किए जाने के बाद प्रदेश की शीतकालीन राजधानी में उत्साह का माहौल है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त एन. गोपालस्वामी ने रविवार को नई दिल्ली में घोषणा की कि राज्य विधानसभा की 90 में से 87 सीटों के लिए मतदान आगामी 17 नवम्बर से 24 दिसम्बर तक सात चरणों में कराए जाएंगे। मतगणना का काम 28 दिसम्बर को होगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक खजुरिया ने कहा, "हमारी पार्टी यही चाहती थी कि राज्य में समय पर चुनाव हों। हम चुनाव के लिए तैयार हैं।"
नेशनल कांफ्रेंस के जम्मू क्षेत्र के अध्यक्ष अजय खजुरिया ने कहा, "जम्मू कश्मीर के लोगों को वास्तव में लोकतंत्र मुहैया कराने वाली पार्टी तो नेशनल कांफ्रेंस ही है। हमने हमेशा चुनौतियों का सामना किया है और इस बार भी करेंगे।"
पैंथर्स पार्टी के प्रमुख भीम सिंह ने भी चुनाव की तिथियां घोषित होने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। हालांकि उन्होंने इस बात पर अफसोस प्रकट किया कि चुनाव से पहले विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने भी विधानसभा चुनाव की तिथियां तय किए जाने पर हर्ष प्रकट किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।