चंद्रयान के लेकर उत्सुक हैं बेंगलुरू के छात्र
बेंगलुरू, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। चंद्रमा के लिए देश के पहले मानवरहित अभियान 'चंद्रयान-1' के प्रक्षेपण की तिथि के करीब आने से बेंगलुरू के छात्र समुदाय के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है।
भले ही इस समय छात्रों के बीच विभिन्न परीक्षाओं का बुखार सिर चढ़कर बोल रहा है लेकिन वे चंद्रयान को लेकर अधिक से अधिक जानने के प्रयास कर रहे हैं।
बेंगलुरू स्थित 150 वर्ष पुराने सेंट जोसेफ बायॅज हाई स्कूल में छात्रों को चंद्रयान से जुड़ी तमाम जानकारियां दी जा रही हैं।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य चार्ल्स नोरोन्हा ने आईएएनएस को बताया, "हम विद्यालय में छात्रों को अंतरिक्ष कार्यक्रमों से संबंधी विशेष जानकारियां उपलब्ध कराते हैं। चंद्रयान को लेकर भी हम उन्हें ताजा जानकारी दे रहे हैं।"
विद्यालय के 'साइंस क्लब' में शिक्षकों के साथ-साथ छात्र भी चंद्रयान को लेकर चर्चा कर रहे हैं। विद्यालय के एक छात्र ने बताया कि उसे अंतरिक्ष संबंधी जानकारी इकट्ठा करने का विशेष शौक है। उसने बताया कि वह चंद्रयान के प्रक्षेपण का इंतजार कर रहा है।
गौरतलब है कि चंद्रयान को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 22 अक्टूबर को प्रक्षेपित किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**