पाकिस्तान ने 60 तालिबानी लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया
इस्लामाबाद, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने दावा किया है कि देश के उत्तरी पश्चिमी क्षेत्र में छिपे कम से कम 60 तालिबानी लड़ाकों को उसने मार गिराया है।
पाकिस्तानी सेना ने कहा, "पियोछार और उत्तरी पश्चिमी सीमांत प्रांत में स्वात जिले के दो तालिबानी ठिकानों पर जोरदार बमबारी की गई।"
सेना के प्रवक्ता मेजर नासिर अली ने बताया, "स्थानीय सूत्रों से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक इस हमले में कम से कम 60 तालिबानी लड़ाके मारे गए हैं।"
उल्लेखनीय है कि दो महीने पूर्व तालिबानी लड़ाकों द्वारा दो चीनी इंजीनियरों को अगवा कर लिया गया था। इनमें से एक इंजीनियर इन लड़ाकों की कैद से भाग निकला और एक सुरक्षा चौकी जा पहुंचा। इसके चंद घंटों के बाद ही दूसरे इंजीनियर को छुड़ा लिया गया। दोनों के वापसी के कुछ ही घंटों बाद तालिबानी लड़ाकों पर ये हमले किए गए।
बहरहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि तालिबानी लड़ाकों पर किए गए हमलों का चीनी इंजीनियरों के अपहरण से कोई संबंध है या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*