बुरहानपुर में शनिवार को कर्फ्यू में दी जाएगी ढील
भोपाल, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के हिंसाग्रस्त बुरहानपुर जिले में शनिवार को कर्फ्यू में छूट दी जाएगी। यहां 10 अक्टूबर से ही कर्फ्यू लगा हुआ है।
बुरहानपुर के जिलाधिकारी केरोलिन खगवार देशमुख ने बताया कि शनिवार को दिन में कर्फ्यू में छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो रही है।
कर्फ्यू में ढील के संबंध में शुक्रवार को निर्णय लिया गया। देशमुख ने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे से 10 बजे और फिर दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।
गौरतलब है कि बुरहानपुर में नौ अक्टूबर को दशहरे के दौरान एक धार्मिक यात्रा पर कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने की घटना के बाद से ही सांप्रदायिक तनाव फैल गया था।
दंगे में नौ लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हो गए। बुधवार को कर्फ्यू के कारण अस्पताल नहीं पहुंच पाने से एक घायल व्यक्ति की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।