शेयर बाजारों में भारी गिरावट, सेंसेक्स 10,000 से नीचे (लीड-1)
मुंबई, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों ने सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भी खूब गोता लगाया। 182 अंकों की बढ़त पर खुले सेंसेक्स में कारोबार की समाप्ति पर 606 अंकों की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी भी 195 अंक नीचे बंद हुआ।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 181.85 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 10,763.34 पर खुला, लेकिन कारोबार की समाप्ति पर गुरुवार बंद के मुकाबले 606.14 अंक यानी 5.73 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट दर्शाते हुए 9,975.35 पर बंद हुआ। गुरुवार को यह 10,581.49 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' गुरुवार बंद के मुकाबले आज 194.95 अंक यानी 5.96 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,074.35 पर बंद हुआ। हालांकि आज सुबह यह 0.25 अंक की बेहद मामूली बढ़त के साथ 3,269.05 पर खु़ला था। गुरुवार को यह 3,269.30 पर बंद हुआ था।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप सूचकांक 112.29 अंक यानी 3.07 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,544.84 पर और स्मालकैप सूचकांक 118.50 अंक यानी 2.76 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,167.86 पर बंद हुआ।
बीएसई में आज अचल संपत्ति, ऊर्जा, धातु, प्रौद्योगिकी और पूंजीगत वस्तु खंड के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*