शोभराज को बचाने अदालत में उतरेंगी निहिता
काठमांडू, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी पर्यटक की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बिकनी किलर चार्ल्स शोभराज के मामले की रविवार को सर्वोच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई के दौरान शोभराज की नवविवाहिता निहिता भी वकीलों के साथ खड़ी होंगी।
64 वर्षीय शोभराज के साथ शादी के बाद चर्चा में आई निहिता जिरह नहीं करेगी, बल्कि वह अपनी वकील मां शकुंतला थापा को एक ऐसा केस तैयार करने में मदद कर रही है जिससे अभियोजन पक्ष की खामियों को अदालत में उजागर किया जाएगा।
दरअसल, निहिता ने उन्हीं किताबों में से कुछ महत्वपूर्ण तथ्य ढूढ़ निकाले हैं, जिन्हें अभियोजन ने शोभराज के खिलाफ सबूत के तौर पर अदालत में पेश किया था। निहिता के अनुसार ये तथ्य शोभराज को बेगुनाह साबित कर देंगे।
अभियोजन पक्ष ने अदालत में रिचर्ड नेविले की 'द लाइफ एंड क्राइम्स ऑफ चार्ल्स शोभराज' और थॉमस थॉम्पसन की 'जुली क्लार्क एंड सर्पेटाइन' नामक दो पुस्तकें शोभराज के खिलाफ सबूत के तौर पर पेश की थीं। अभियोजन पक्ष के अनुसार शोभराज एक डच पर्यटक के भेष में वर्ष 1975 में नेपाल आया था और उसने अमेरिकी महिला यात्री कोन्नी जो ब्रोंजिक और उसकी साथी कनाडा निवासी लारेंट अरमांड कैरीरे की हत्या कर दी थी।
बाद में शोभराज को 2003 में काठमांडू के एक कैसिनों से गिरफ्तार किया गया था और काठमांडू की जिला अदालत ने उसे हत्या का दोषी करार दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।