मोहाली टेस्ट : अपने लकी मैदान पर नहीं उतर सके कुंबले (लीड-1)
मोहाली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले अपने लकी मैदान पर नहीं उतर सके। इस तरह पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर कुंबले संभवत: अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेलने से चूक गए।
कुंबले के लिए यह मैदान काफी भाग्यशाली रहा है। उन्होंने इस मैदान पर कुल सात टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 36 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उन्होंने यहां कुल 107 रन भी बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 37 रन रहा है।
भारत को इस मैदान पर तीन बार जीत मिली है। इसमें से दो में कुंबले ने मैच जिताऊ गेंदबाजी की है। कुंबले यहां दो बार 'मैन ऑफ द मैच' चुने जा चुके हैं।
कुंबले भारत के सबसे सफल और दुनिया के तीसरे सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज हैं। उनके नाम 600 से अधिक विकेट दर्ज हैं।
बेंगलुरू टेस्ट में कुंबले का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इस लिहाज से उनसे इस मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन की आशा की जा रही थी। कुंबले ने खुद स्वीकार किया था कि उन्हें अपने घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में संभवत: करियर के आखिरी टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने का मलाल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*