नेपाल में मुसलमानों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
काठमांडू, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेपाल में मस्जिदों पर हो रहे लगातार हमलों और समुचित सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के खिलाफ पूर्वी नेपाल के मुसलमानों ने रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
माओवादी सरकार पर दबाव बनाने के लिए पूर्वाचल मुस्लिम संघर्ष समिति के बैनर तले मुसलमानों ने पूर्वी नेपाल में गुरुवार से ही चक्का जाम शुरू कर रखा है।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार की तरफ से सुरक्षा व न्याय का समुचित आश्वासन नहीं दिया गया तो 48 घंटे की यह हड़ताल रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगी।
भारत-नेपाल सीमा पर सुनसारी और मोरंग जिलों पर इस आंदोलन का खासा असर पड़ा है। भारत व नेपाल की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों यात्री जाम में फंसे गए हैं।
ज्ञात हो कि पूर्वी नेपाल में मस्जिदों पर हाल में हुए दो हमलों में दो मुसलमानों की नमाज अदा करने के दौरान मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।