नौकरी वापस मिलने पर जेट के कर्मचारियों ने गोयल को धन्यवाद दिया
मुंबई, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र की घरेलू विमानन कंपनी 'जेट एयरवेज' से निकाले गए कर्मचारियों ने नौकरी वापस मिलने पर प्रसन्नता जताई है और कंपनी प्रमुख नरेश गोयल को धन्यवाद दिया है।
जेट एयरवेज की एक विमान परिचारिका ने मुंबई में शुक्रवार को कहा, "यह अवश्विसनीय है।" वह उन 1,900 कर्मचारियों में शामिल हैं, जिनकी सेवा समाप्त किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन बाद में उन्हें बहाल कर लिया गया।
इसी कंपनी की एक अन्य परिचारिका 18 वर्षीया कणिका बोस ने कहा, "गोयल ने अपने कर्मचारियों के हित में जो कुछ किया, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं।" बोस ने पैसे की अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए पढ़ाई छोड़कर जेट की नौकरी कर ली थी।
बोस की तरह ही एयर स्टुअर्ड शरद राव ने बैंक से ऋण लेकर मुंबई के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में होटल प्रबंधन और कैटरिंग की पढ़ाई की थी। उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मेरी नौकरी वापस मिल गई।"
गौरतलब है कि गोयल ने गुरुवार रात को कंपनी से निकाले गए तमाम कर्मचारियों को बहाल करने घोषणा की थी। उन्होंने कहा, "मैं अपने कर्मचारियों के आंखों में आंसू नहीं देख सकता। उनकी सेवा समाप्त करने की घोषणा की जानकारी मिलने के बाद मैं रात भर सो नहीं सका।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।