भारत-दक्षिण अफ्रीका ने तेल क्षेत्र में सहयोग के क्षेत्रों की पहचान की
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका की खनिज एवं ऊर्जा मंत्री बी. सी. सोनजिका से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ऐतिहासिक नजदीकी और गर्मजोशी भरे संबंधों को याद करते हुए दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच तेल एवं गैस के क्षेत्र में सहयोग स्थापित किए जाने के रास्तों एवं उपायों पर चर्चा की।
इस दौरान दक्षिण अफ्रीका में एलपीजी संभारतंत्र की स्थापना, भारत में कोयला से तरल प्रौद्योगिकी (सीटीएल)के उपयोग के लिए दक्षिण अफ्रीका के पेट्रो एसए के साथ समझौता, दक्षिण अफ्रीका में सीएनजी नेटवर्क की स्थापना के लिए द्विपक्षीय सहयोग तथा हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में दक्षिण अफ्रीका के लोगों के लिए भारत में प्रशिक्षण मुहैया कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
सोनजिका 13-15 अक्टूबर, 2008 तक हुए तीसरे भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर हैं। इस अवसर पर मुरली देवड़ा ने दक्षिण अफ्रीका के मंत्री द्वारा दिया गया दक्षिण अफ्रीका आने का निमंत्रण भी स्वीकार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।