वित्तीय संकट व रूस संबंधों पर चर्चा करने को जुटे यूरोपीय नेता
ब्रसेल्स, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। ताजा वैश्विक वित्तीय संकट तथा रूस के साथ संबंधों पर आयोजित दो दिवसीय चर्चा के लिए यूरोपीय संघ के नेता बुधवार को यहां पहुंच गए हैं।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार 27 सदस्य देशों के नेता वैश्विक आर्थिक मंदी पर सप्ताहांत में वाशिंगट में समूह 7 (जी 7) के शीर्ष औद्योगिक राष्ट्रों की बीच बनी सहमति पर अपनी समन्वित प्रतिक्रिया व्यक्त करेंगे।
यूरोपीय कमीशन के प्रमुख जोस मेनुएल बरोसो ने मंगलवार को कहा कि किसी तरह के समन्वय पर यूरोपीय संघ के सदस्यों में कोई आम सहमति नहीं बन पाई है।
लेकिन बरोसो ने उम्मीद जताई है कि वे यूरो-जोन के सदस्यों और विभिन्न राष्ट्रों, खास कर ब्रिटेन द्वारा तय उपायों के करीब किसी आम सहमति पर पहुंच जाएंगे।
इस बैठक में रूस से संबंधों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। जार्जिया के ब्रेकवे गणराज्यों ओसेतिया और अबखाजिया को लेकर यूरोपीय संघ के साथ रूस के संबंधों में खटास आ गई थी।
बरोसो ने कहा है कि रूस के साथ लगातार संवादहीनता की स्थिति बनाए रखना भारी भूल होगी। वैसे भी किसी नई रणनीतिक साझेदारी पर बातचीत करना दोनों देशों के हित में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।