बिहार में रेलवे स्टेशन पर लुटेरे ने चलाई गोली, 2 की मौत
पटना, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के जोगबनी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को लूटपाट के दौरान एक अपराधी द्वारा गोली चलाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि रेलवे सुरक्षा बल के एक जवान सहित दो अन्य घायल हो गए।
जिले के फारबिसगंज अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जितेंद्र मिश्र ने बताया, "जोगबनी रेलवे स्टेशन पर नेपाल और भारत के रुपयों के विनिमय का कार्य करने वाले मनोज कुमार से बसंत चौधरी नाम का व्यक्ति बुधवार को रुपये छीनकर भाग रहा था, तभी मनोज द्वारा पीछा करने पर वह गोली चलाने लगा।"
अधिकारी के मुताबिक घटना में मनोज कुमार और स्टेशन पर भीख मांगकर दिन गुजार रहे मोहम्मद मजलूम की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। बसंत ने उन पर भी गोलियां चला दीं, जिससे रामेश्वर यादव नामक जवान और एक यात्री घायल हो गए।
मिश्र ने बताया कि घायलों को फारबिसगंज अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस बसंत को गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुट गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।