वैश्विक वित्तीय संकट के हल में इब्सा की महत्वपूर्ण भूमिका : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को कहा कि विकास की प्राथमिकताएं बरकरार रखते हुए मौजूदा वैश्विक वित्तीय संकट से निपटने में भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय संगठन इस मामले में भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका को नजरअंदाज नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, "विकास की प्राथमिकाओं से संबंधित जरूरतों को नजरअंदाज किए बिना वित्तीय संकट से निपटने के हमारे तरीके अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को अपनाने चाहिए।"
सिंह इब्सा वार्ता मंच के तीसरे सम्मेलन में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र और जी-8 जैसी अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों में सुधार के लिए हमें पहले से ज्यादा प्रयास करने की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "हमें विकास को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापार संबंधी दोहा दौर की वार्ताओं पर उद्देश्यपूर्ण काम करने की जरूरत है। ऊर्जा एवं खाद्य पदार्थो की बढ़ती हुई कीमतें और आतंकवाद की चुनौती विकास के हमारे प्रयासों पर पानी फेर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर समान विकास और अंतर्राष्ट्रीय स्थिरता सुनिश्चित करने में इब्सा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*