रायबरेली में कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
रायबरेली, 14 अक्टूबर(आईएएनएस)। रायबरेली में कांग्रेस विधायक अशोक सिंह समेत आठ लोगों के खिलाफ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में देर रात एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
बसपा सरकार के रायबरेली रेल कोच फैक्टरी की जमीन वापस लेने के फैसले के खिलाफ सोमवार को अशोक सिंह ने क्षेत्र के लोगों के साथ लालगंज क्षेत्र में प्रदशर्न किया था।
लालगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार ने आईएएनएस के साथ बातचीत में आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक ने अपने समर्थकों के साथ सतांव स्थित बसपा कार्यालय में तोड़फोड़ की और लालगंज में रोडवेज बसों पर पथराव किया।
उधर कांग्रेस के सदस्य पुलिस के इस आरोप को गलत बता रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने विधायक अशोक सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ झूठे मामले बनाए हैं।
उधर लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार जैन ने कहा है कानून और व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सोमवार रात से आगामी 30 अक्टूबर तक जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*