शोभराज के लिए मुसीबत बना अमेरिकी लेखक
काठमांडू, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिकनी किलर के नाम से चर्चित चार्ल्स शोभराज के नए परिवार के लिए नई मुसीबत आ खड़ी हुई है। यह मुसीबत कोई और नहीं बल्कि उसकी जीवनी लिख रहे विवादित अमेरिकी लेखक डेविड जेम्स वूडर्ड ने खड़ी की है।
वूडर्ड ने शोभराज के जीवन व उसकी जीवन शैली को लेकर जो मजाक उड़ाया है उसे सोमवार को एक नेपाली चैनल पर प्रसारित किया गया था।
कैलीफोर्निया का यह 44 वर्षीय विवादित लेखक इन दिनों एक किताब लिखने के लिए नेपाल में है। रिचर्ड नेवेली की शोभराज पर लिखी किताब लाइफ एंड क्राइम्स ऑफ चार्ल्स शोभराज से प्रभावित वूडर्ड शोभराज से मिलने कई बार जेल गए थे।
हाल में जब पत्रकारों ने वूडर्ड से शोभराज की शादी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि शादी के समय जेल में मात्र 14 व्यक्ति उपस्थित थे। यह एक परंपरागत नेपाली शादी थी। इसलिए दोनों आपस में चुंबन भी नहीं ले पाए थे।
वूडर्ड ने यह भी कहा कि शोभराज रेड वाइन और इटालियन व्यंजन का शौकीन है। उसकी तीन बेटियां भी हैं।
बहरहाल, वूडर्ड के इन आरोपों को उसकी नवविवाहित निहिता ने सिरे से खारिज कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।