सोनिया की भोपाल रैली पर छाए संकट के बादल
भोपाल, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की 19 अक्टूबर को प्रस्तावित भोपाल रैली के लिए कांग्रेस को जगह नहीं मिल रही है। इसके चलते रैली पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
कांग्रेस ने राज्य सरकार पर रैली की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने संवाददाताओं से कहा, "प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सोनिया गांधी की प्रस्तावित रैली की अनुमति नहीं दी है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के दबाव में रैली की इजाजत नहीं दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मानक अग्रवाल ने कहा, "हम लाल परेड मैदान में सोनिया गांधी की रैली करना चाहते थे लेकिन राज्य सरकार ने इसकी इजाजत नहीं दी। राज्य सरकार नहीं चाहती कि यहां सोनिया की रैली हो।"
लाल परेड मैदान विशेष सेवा बल (एसएएफ) के अधीन आता है। एसएएफ के कमांडेंट संजीव शम्मी ने आईएएनएस को बताया, "हम 21 अक्टूबर को इस मैदान में शहीदी दिवस मनाने जा रहे हैं। इसके लिए 19 अक्टूबर से हमारी तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इसके मद्देनजर हमने कांग्रेस से आग्रह किया है कि वे रैली के लिए किसी और स्थान का चयन कर ले।"
इस बीच भोपाल के अधीक्षक मनीष रस्तोगी ने कहा, "सोनिया की प्रस्तावित रैली के लिए किसी ने उनसे संपर्क नहीं साधा। वैसे भी 19 अक्टूबर को मैदान नहीं दिया जा सकता क्योंकि वहां शहीदी दिवस की तैयारियां चल रही हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।