रायबरेली में उप्र सरकार के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन
रायबरेली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग)और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में प्रस्तावित रेल कोच कारखाने की जमीन वापस लेने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ यहां के लोग सड़कों पर उतर आए हैं। सोमवार को कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़पें भी हुईं।
शहर के डिग्री कॉलेज चौराहा, बस स्टॉप, घंटाघर, इंदिरा नगर और सिविल लाइंस चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने सोमवार सुबह मुख्यमंत्री मायावती का पुतला फूंका और सरकार विरोधी नारे लगाए। राज्य सरकार के फैसले से क्रुद्ध लोगों ने रायबरेली के लालगंज, ऊंचाहार, बछरांवा, सतांव, दरीबा समेत कई क्षेत्रों में विभिन्न सड़कों पर जाम लगाया।
स्थानीय विधायक अशोक सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने लालगंज में कानपुर-रायबरेली मार्ग जाम किया। इस दौरान पुलिस से स्थानीय लोगों की झड़प भी हुई। सिंह ने कहा कि मायावती सरकार ने जमीन वापस लेने के बारे में जो तर्क दिए हैं वे बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र की जनता रेल कोच कारखाने का इंतजार कर रही है।
पुलिस अधीक्षक तरुण गाबा ने आईएएनएस को बताया कि जहां-जहां विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।