मप्र में पूर्व कांग्रेस मंत्री भाजपा में शामिल
भोपाल,13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में कांग्रेस को सोमवार को उस समय एक और करारा झटका लगा जब पूर्व मंत्री प्रेम नारायण ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की सदस्यता ग्रहण कर ली। ठाकुर ने आठ अक्टूबर को कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ठाकुर ने प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की। ठाकुर ने कहा कि वे कांग्रेस में हो रही अपनी उपेक्षा से दुखी थे और उसी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ी। ठाकुर ने कहा कि उन्हें लगता है कि भाजपा ही प्रदेश में विकास कार्यो तथा जनहित को प्रमुखता देने वाली पार्टी है, इसलिए वे इसमें शामिल हो रहे हैं।
ठाकुर 28 वर्ष तक कांग्रेस में रहे। उनकी गिनती दिग्विजय सिंह के समर्थक और केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ के विरोधियों में रही है। वे दिग्विजय के कार्यकाल में परिवहन मंत्री थे।
अभी हाल ही में कांग्रेस को लगा यह दूसरा झटका है। इससे पहले सीधी के सांसद माणक सिंह ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।