आंध्रप्रदेश में सांप्रदायिक संघर्ष, 6 को जिंदा जलाया
हैदराबाद, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश के आदिलाबाद जिले में ताजा सांप्रदायिक हिंसा में रविवार सुबह एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित छह सदस्यों को जिंदा जला दिया गया।
अज्ञात लोगों ने एक मकान को आग लगा दी जिससे उसके अंदर रहने वाले छहों लोगों की मौत हो गई। यह घटना भैंसा कस्बे के नजदीक वतोली गांव में हुई। गौरतलब है कि शुक्रवार को भैंसा कस्बे में हुई सांप्रदायिक हिंसा में चार लोगों की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने कहा कि भैंसा कस्बे में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई थी। शरारती तत्वों द्वारा इस मकान तथा दो दुकानों को आग लगा देने के बाद यहां नए सिरे से तनाव पैदा हो गया। आदिलाबाद और निर्मल शहरों में भी तनाव बढ़ गया है, इन स्थानों पर पुलिस ने एहतियाती कदम उठाएं हैं।
घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी ने जिले के पुलिस अधीक्षक आदेश दिया कि वे अत्याधिक सतर्कता बरते और हिंसा को फैलने से रोके।
राज्य के गृहमंत्री के.जना रेड्डी वतोली गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
आदिलाबाद के जिला कलेक्टर अहमद नदीम ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भैंसा कस्बे में हिंसा भड़की थी। उग्र भीड़ ने 40 दुकानों और दर्जनों वाहनों को आग लगा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।