श्रीनगर में झड़पों में 10 घायल
श्रीनगर, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के पुराने शहर के कुछ इलाकों में रविवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़पों में 10 लोग घायल हो गए। कुछ इलाकों में कर्फ्यू की तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुराने शहर के नवहट्टा, गोजीवारा, राजौरी कादल, बोहरी कादल, नाइद कादल, फतेह कादल, खानकाही मौला, काव मोहल्ला और रैनावाड़ी इलाकों में रविवार सुबह राष्ट्र विरोधी नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर पथराव किया।
भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज किया। खानकाही मौला इलाके में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी भी की गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार झड़पों में 10 लोग घायल हुए जिसमें सीआरपीएफ के दो जवान भी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*