विश्व कप क्वालीफाईंग : पराग्वे सबसे आगे (लीड-1)
ब्यूनस आयर्स, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में 2010 में होने वाली फीफा विश्व कप फुटबाल प्रतियोगिता के लिए जारी क्वालीफाईंग दौर में पराग्वे दक्षिण अमेरिकी देशों की सूची में सबसे आगे चल रहा है।
पराग्वे ने नौ मैचों से अब तक 20 अंक जुटाए हैं। दूसरी ओर अर्जेटीना ने पिछले छह मैचों में पहली जीत हासिल करते हुए अपनी कुल अंकों की संख्या 16 कर ली है।
टीमों की सूची में पांच बार का चैंपियन ब्राजील और चिली 13-13 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
दक्षिण अमेरिका से कुल 10 टीमें क्वालीफाईंग मुकाबलों में हिस्सा ले रही हैं। इनमें से चार को विश्व कप में खेलने का मौका मिलेगा।
बहरहाल, मैचों के परिणाम की बात करें तो पराग्वे ने कोलंबिया को 1-0 से पराजित किया जबकि अर्जेटीना ने उरुग्वे को 2-1 से हराया। एक अन्य मुकाबले में बोलिविया ने पेरू को 3-0 से हराया।
उधर, वेंबले में खेले गए एक अन्य मुकाबले में स्टार स्ट्राइकर वायने रूनी के दो गोलों की मदद से इंग्लैंड ने कजाकिस्तान को 5-1 से पराजित कर दिया।
इंग्लैंड के अलावा स्पेन, बेल्जियम, स्लोवानिया, नीदरलैंड और जर्मनी ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल कर लिए हैं।
2010 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए जारी क्वालीफाईंग दौर में इंग्लैंड ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले उसने क्रोएशिया को उसी के घर में 4-1 से पराजित किया था।
दूसरे मुकाबलों में स्पेन ने इस्तोनिया को 3-0, बेल्जियम ने आर्मेनिया को 2-0, स्लोवानिया ने उत्तरी आयरलैंड को 2-0, नीदरलैंड ने आइसलैंड को 2-0 और जर्मनी ने रूस को 2-1 से पराजित किया।
रोमानिया ने जहां फ्रांस को 2-2 और बुल्गारिया ने इटली को 0-0 की बराबरी पर रोक लिया वहीं पोलैंड ने चेक गणराज्य को 2-1 और स्विट्जरलैंड ने लातविया को 2-1 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।