अमिताभ बच्चन बीमार, अस्पताल में भर्ती (लीड-3)
मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को पेट दर्द की शिकायत के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत में सुधार है। शनिवार को ही उनका 66वां जन्मदिन था। इस बीच विश्व के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
लीलावती अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि अमिताभ के कई चिकित्सीय परीक्षण किए गए। हालांकि प्रवक्ता ने विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। वे यहां अपने पारिवारिक चिकित्सक जयंत बार्वे की देखरेख में हैं।
सूत्रों के अनुसार अमिताभ को अगले दो दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ सकता है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बिग बी अपने घर प्रतीक्षा में अपना 66 वां जन्म दिन मना रहे थे तभी उनको पेट दर्द की शिकायत के बाद प्रारंभिक जांच के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अमिताभ को लगभग 12.30 बजे नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसके बाद उन्हें बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल लाया गया।
पुत्र अभिषेक बच्चन के अलावा बहू ऐश्वर्या राय और पुत्री श्वेता नंदा भी अमिताभ के साथ अस्पताल गईं। बाद में रिलायंस एडीएजी प्रमुख अनिल अंबानी और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।
लंदन स्कूल इकोनोमिक्स की छात्रा सावित्री चक्रवर्ती ने बताया कि वे चाहती हैं कि बिग बी जल्द से जल्द स्वस्थ्य हो जाएं। वहीं मुंबई की एक कॉलेज छात्रा अनुप्रिता सुरवासे ने कहा कि बिग बी के अस्पताल पहुंचने की खबर से उन्हें धक्का लगा है। उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि बिग बी जल्द स्वस्थ्य हो जाएं।
देश के अलग-अलग हिस्सों में अमिताभ के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।