बुरहानपुर में कर्फ्यू जारी, मरने वालों की संख्या 5 हुई
भोपाल 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में स्थिति तनावपूर्ण बनी रहने की वजह से कर्फ्यू जारी है। जबकि शुक्रवार को भड़की सांप्रदायिक हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। भोपाल और इंदौर से भारी संख्या में सुरक्षा बल बुरहानपुर पहुंच चुके हैं तथा चप्पे चप्पे पर जवानों की तैनाती कर दी गई है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दो संप्रदायों के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़क उठी थी। दोनों पक्षों के बीच पथराव और आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। इन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई थी जबकि छह पुलिसकर्मियों समेत 21अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
खरगोन के पुलिस उपमहानिरीक्षक जी़ जनार्दन ने आईएएनएस को बताया कि दो घायलों के दम तोड़ देने से मरने वालों की संख्या बढकर पांच हो गई है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इंदौर से विशेष सशस्त्र बल (एस़ ए़ एफ़) और भोपाल से त्वरित कार्यबल (आऱ ए़ एफ़) की कंपनियां बुरहानपुर भेजी गई हैं। कर्फ्यू में अभी तक किसी तरह की ढील नहीं दी गई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए इंदौर भेजा गया है।
बुरहानपुर में सांप्रदायिक तनाव गुरुवार की रात बालाजी के रथ पर पथराव के बाद बढ़ा था। इस तनाव ने शुक्रवार को हिंसा का रूप ले लिया। कई दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए फायरिंग तक करनी पड़ी। इंदौर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, संभाग आयुक्त बी़ पी़ सिंह खरगोन के पुलिस उप महानिरीक्षक जी़ जनार्दन सहित कई अधिकारी डेरा डाले हुए है।
इंडो - एशियन न्यूज सर्विस
*