जी-7 के विस्तार के लिए अमेरिका तैयार : पॉलसन
वाशिंगटन, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका आर्थिक रूप से विकसित दुनिया के शीर्ष देशों के समूह 'जी-7' के विस्तार के लिए तैयार है।
अमेरिका के वित्त मंत्री हेनरी पॉलसन ने शुक्रवार को कहा कि इसका विस्तार नहीं करने से मौजूदा वित्तीय संकट से निपटना मुश्किल होगा। पॉलसन का बयान जी-7 के वित्त मंत्रियों और उनके केंद्रीय बैंकों के प्रमुखों की वाशिंगटन में शुक्रवार को हुई बैठक के तुरंत बाद आया। इस बैठक में वित्तीय संकट पर चर्चा की गई।
पॉलसन ने शनिवार को कहा, "मैं नहीं समझता कि मौजूदा स्थिति में यह (जी-7) वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रतिबिंबित करता है।" उन्होंने कहा कि वे 20 देशों का वृहद् समूह बनाना चाहते हैं, जिसमें प्रमुख औद्योगिक और विकासशील देश शामिल हों।
गौरतलब है कि विकासशील देशों ने धनी देशों से मांग की है कि मौजूदा वित्तीय संकट के हल के लिए बातचीत में उन्हें भी शामिल किया जाए। उनका कहना है कि यह संकट प्रमुख रूप से अमेरिका और यूरोपीय देशों का है, लेकिन इसका असर दुनिया के तमाम देशों पर हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।