बिग बी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं प्रशंसक
मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के शनिवार को अस्पताल में भर्ती होने के बाद विश्व के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन को शनिवार को अपने 66वें जन्मदिन के मौके पर अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। दरअसल पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बिग बी अपने घर प्रतीक्षा में अपना 66 वां जन्म दिन मना रहे थे तभी उनको पेट दर्द की शिकायत के बाद प्रारंभिक जांच के लिए नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अमिताभ को लगभग 12.30 बजे नानावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसके बाद उन्हें बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुत्र अभिषेक बच्चन के अलावा बहू ऐश्वर्या राय और पुत्री श्वेता नंदा भी अमिताभ के साथ अस्पताल गईं, जबकि समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह भी बाद में उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।
लंदन स्कूल इकोनोमिक्स की छात्रा सावित्री चक्रवर्ती ने बताया कि वे चाहती हैं कि बिग बी जल्द से जल्द स्वस्थ्य हो जाएं। वहीं मुंबई की एक कॉलेज छात्रा अनुप्रिता सुरवासे ने कहा कि बिग बी के अस्पताल पहुंचने की खबर से उन्हें धक्का लगा है। उन्होंने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि बिग बी जल्द स्वस्थ्य हो जाएं।
देश के अलग-अलग हिस्सों में अमिताभ के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।