परमाणु करार : बुश ने किया हस्ताक्षर, 123 समझौते पर दस्तखत शुक्रवार को (राउंडअप इंट्रो-1)
अरुण कुमार/मनीष चांद
अरुण कुमार/मनीष चांद
वाशिंगटन, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते संबंधी विधेयक पर अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने बुधवार को हस्ताक्षर कर दिया। अब संभावना है कि 123 समझौते पर शुक्रवार या शनिवार को दोनों देश औपचारिक रूप से दस्तखत करेंगे। इससे तीन दशक बाद दोनों देशों के बीच परमाणु व्यापार फिर से आरंभ हो जाएगा।
बुश ने बुधवार दोपहर 2.34 बजे संबंधित विधेयक पर हस्ताक्षर किए। राष्ट्रपति बुश ने करार पर व्हाइट हाऊस के इस्ट रूम में हस्ताक्षर करने के बाद कहा कि यह एक बड़ा करार है। भारतीय समयानुसार समझौते पर हस्ताक्षर रात 12.04 बजे हुआ।
अब अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलिजा राइस और प्रणब मुखर्जी औपचारिक रूप से 123 असैन्य नागरिक परमाणु सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। इस ऐतिहासिक समझौते के लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच परमाणु रिएक्टरों, ईंधन और तकनीक का व्यापार आरंभ होने की अनुमति मिल जाएगी।
समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी गुरुवार को अमेरिका के लिए रवाना हो रहे हैं। वे रविवार को भारत लौटेंगे।
123 समझौते के लागू होने से भारत के ऊपर 1974 में किए पोकरण परमाणु परीक्षण के बाद से लागू प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे।
दोनों पक्षों ने अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलिजा राइस की एक दिवसीय भारत यात्रा के दौरान 123 समझौते पर हस्ताक्षर करने की योजना बनाई थी। बहरहाल भारत द्वारा राष्ट्रपति बुश के हस्ताक्षर के बाद ही समझौते पर हस्ताक्षर करने पर जोर दिए जाने के कारण राइस के भारत दौरे में 123 समझौते पर हस्ताक्षर नहीं हो पाए थे। भारत ने इस संबंध में बुश से कुछ चिंताओं को दूर करने को भी कहा था।
समझौते को संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सांसदों, भारतीय मूल के प्रमुख अमेरिकियों, दोनों राष्ट्रों के अग्रणी व्यापारियों और राजनयिकों को बुधवार को दोपहर 2.50 बजे (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 00.20 बजे) भारत असैन्य परमाणु विधेयक के हस्ताक्षर समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।