सेंसेक्स 367 अंक लुढ़का (लीड-2)
मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई। बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार की समाप्ति पर 'सेंसेक्स' एवं 'निफ्टी' में क्रमश: 367 और 93 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज सुबह 379.00 अंकों की भारी गिरावट के साथ 11,316.24 पर खुला, लेकिन कारोबार की समाप्ति पर यह 366.88 अंक यानी 3.14 प्रतिशत की गिरावट दर्शाते हुए 11,328.36 पर बंद हुआ। मंगलवार को यह 11,695.24 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी आज 92.95 अंक यानी 2.58 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,513.65 पर बंद हुआ। आज सुबह यह 2.20 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 3,602.40 पर खु़ला था। मंगलवार को यह 3,606.60 पर बंद हुआ था।
इस दौरान बीएसई का मिडकैप सूचकांक 234.64 अंक यानी 5.51 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,022.52 पर और स्मालकैप सूचकांक 253.32 अंक यानी 5.09 प्रतिशत गिरावट के साथ 4,723.07 पर बंद हुआ।
बीएसई में आज उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु, दैनिक उपभोक्ता वस्तु, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), बैंक और धातु खंड के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।