विश्व वित्तीय संकट : दुनिया के तमाम शेयर बाजार लुढ़के (लीड-1)
वाशिंगटन/मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका के वित्तीय बाजार में आए संकट को थामने के लिए उपायों की घोषणा किए जाने के बावजूद अमेरिका सहित दुनिया के तमाम शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया।
देश के शेयर बाजार बुधवार को लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी शेयर बाजारों में मंगलवार को भी गिरावट का रुख रहा और तीन प्रमुख सूचकांकों में पांच फीसदी से भी अधिक की गिरावट दर्ज की गई। जबर्दस्त गिरावट के कारण रूस और फ्रांस के बाजारों में कारोबार रोकना पड़ा। आस्ट्रेलियाई शेयर बाजार 3.5 फीसदी गिरावट के साथ खुले। एशिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक जापान के 'निक्के ई 225' सूचकांक में 952.58 अंक यानी 9.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
इधर, बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' आज सुबह 379.00 अंकों की भारी गिरावट के साथ 11,316.24 पर खुला और 10,740.76 अंक के न्यूनतम स्तर तक गया, लेकिन बाद में इसने अच्छी वापसी की और कारोबार की समाप्ति पर 366.88 अंक यानी 3.14 प्रतिशत की गिरावट दर्शाते हुए 11,328.36 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी आज 92.95 अंक यानी 2.58 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,513.65 पर बंद हुआ। आज सुबह यह 2.20 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 3,602.40 पर खु़लकर 3,329.45 के न्यूनतम स्तर तक गया, लेकिन बाद में यह लगभग 200 अंक सुधर गया।
अमेरिका में मंगलवार को डाऊजोंस औद्योगिक सूचकांक 508.39 अंक अथवा 5.11 फीसदी गिरकर 9,447.11 पर, स्टैंडर्ड एंड पुअर्स 500 सूचकांक 60.66 अंक अथवा 5.74 फीसदी गिरकर 996.23 पर और प्रौद्योगिकी सूचकांक नास्डाक कंपोजिट 108.08 अंक अथवा 5.8 फीसदी गिरकर 1,754.88 पर बंद हुआ।
विश्व वित्तीय संकट की मार रूस और फ्रांस के शेयर बाजारों पर भी पड़ी और इनमें कारोबार को रोकना पड़ा। मास्को इंटरबैंक करेंसी एक्सचेंज (एमआईसीईएक्स) सूचकांक में 10 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज किए जाने के बाद कारोबार शुक्रवार तक के लिए रोक दिया गया। फ्रांस में बुधवार को कारोबार शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही सीएसी 40 सूचकांक आठ फीसदी से अधिक गिर गया।
इधर, जापान का 'निक्के ई 225' सूचकांक जून 2003 से अब तक के सबसे निचले स्तर 9,203.32 पर बंद हुआ। इसमें 952.58 अंक यानी 9.38 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जापान का टॉपिक्स सूचकांक भी 78.6 अंक यानी 8.04 प्रतिशत के नुकसान के साथ 899.01 पर बंद हुआ।
बुधवार को कारोबार शुरू होने के तुरंत बाद हांगकांग के शेयर बाजार में जबरदस्त बिकवाली शुरू हो गई और 'हैंग सेंग' सूचकांक 16,000 से नीचे चला गया। पिछले दो वर्षो में यह सबसे निचला स्तर है। शुरुआती कारोबार के दौरान ही हैंग सेंग सूचकांक 915.44 अंक यानी 5.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,888.32 के स्तर पर आ गया।
उधर, ताइवान का 'ताएक्स' सूचकांक 318.26 अंक यानी 5.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,206.40 पर आ गया और 'इंडोनेशिया स्टाक एक्सचेंज' में 10.38 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
थाइलैंड के थाइलैंड (सेट) सूचकांक में 6.06 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि फिलीपींस का 'कंपोजिट' सूचकांक 116.45 अंकों की गिरावट के साथ 2,307.74 पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।