त्योहारों के मद्देनजर वाराणसी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वाराणसी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दशहरा व दुर्गा पूजा के अवसर पर आतंकवादी घटनाओं की आशंकाओं के कारण वाराणसी के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को चौकन्ना रहने की निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने व किसी अप्रिय घटना की सूचना पाते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर मामले का निपटारा करने की सख्त हिदायत दी गई है। एसएसपी विजय प्रकाश ने चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण अगर किसी तरह की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित थाना क्षेत्र के थानेदार को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गयी है और हाल ही में देश के विभिन्न शहरों में हुए विस्फोटों के मद्देनजर वाराणसी पुलिस किसी भी तरह की चूक करना नहीं चाहती। इसलिए पूजा पंडालों पर पुलिस की सख्त निगरानी के अलावा सादी वर्दी में पुलिस के जवानों को तैनात करने का फैसला किया गया है।
अतिसंवेदनशील कहे जाने वाले थाना क्षेत्रों दशाश्वमेघ चौक, जैतपुरा, आदमपुर, सहित आधा दर्जन थानों के प्रभारियों को भी कड़ी हिदायत भी दी गयी है कि वे संवेदनशील स्थानों में रह रहे संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखें और किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका होने पर उन्हें तत्काल हिरासत में ले लें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications