चौथे गेंदबाज को लेकर आस्ट्रेलियाई टीम दुविधा में
मेलबर्न, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। चौथे गेंदबाज को लेकर आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम जबरदस्त दुविधा में है। बेंगलुरू टेस्ट शुरू होने में अब मात्र दो दिन रह गए हैं लेकिन टीम प्रबंधन में अब तक चौथे गेंदबाज को लेकर आम राय नहीं बन सकी है।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक ब्रेट ली, मिशेन जानसन और स्टुअर्ट क्लार्क का भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में खेलना तय है लेकिन चौथे गेंदबाज का नाम अब तक तय नहीं हो सका है।
कंधे की चोट के कारण ब्रायस मैक्गेन के स्वदेश लौटने के बाद आस्ट्रेलियाई टीम की दुविधा बढ़ गई है। उनकी जगह कैमरून व्हाइट टीम में शामिल किए गए हैं लेकिन व्हाइट को विशेषज्ञ गेंदबाज का दर्जा हासिल नहीं है। ऐसी स्थिति में उन्हें अंतिम 11 में जगह देने को लेकर फैसला नहीं हो सका है।
बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ हुए चार दिवसीय अभ्यास मैच में टीम के एकमात्र विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज जेसन क्रेजा संघर्ष करते दिखे थे। क्रेजा ने 31 ओवर में 199 खर्च किए थे लेकिन उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी।
कप्तान रिकी पोंटिंग क्रेजा को लेकर दुविधा में हैं क्योंकि टीम में संतुलन बनाए रखने के लिए एक स्पिनर को खिलाना आवश्यक है परंतु भारत में क्रेजा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।
पीटर सिडल और डगलस बोलिंगर ने अभ्यास मैचों में प्रभावित किया है। ये दोनों तेज गेंदबाज हैं। आस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ पांच तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला करने से घबरा रही है क्योंकि धीमी पिच पर उनकी रणनीति विफल हो सकती है।
इतना तो तय है कि अनियमित गेंदबाज के तौर पर माइकल क्लार्क की सेवाएं ली जाएंगी। क्लार्क ने श्रंखला से पहले लंबे स्पेल कराने की बात कही थी लेकिन इसके बावजूद चौथे नियमित गेंदबाज का टीम में होना जरूरी है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के चयन प्रमुख एंड्रयू हिलडिच इन दिनों भारत में हैं। वे भी टीम को दुविधा से नहीं निकाल सके हैं। कप्तान पोंटिंग ने कहा है कि पिच की स्थिति देखते हुए टीम संयोजन का फैसला किया जाएगा। इससे जाहिर है कि अंतिम 10 खिलाड़ियों लेकर तो काफी हद तक फैसला हो चुका है लेकिन 11वें खिलाड़ी को लेकर दुविधा गुरुवार को मैच शुरू होने से पहले तक बरकरार रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications