उज्जैन की सुख-शांति के लिए देवी को चढ़ी शराब
उज्जैन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की नगरी उज्जैन में वर्षो से चली आ रही परंपरा का निर्वाह करते हुए अष्टमी पूजा को चौबीसखंभा माता मंदिर में शराब का प्रसाद चढ़ाया गया। देवी का विशेष अनुष्ठान प्रभारी जिलाधिकारी मुकेश शुक्ला ने किया।
ऐसी मान्यता है कि चौबीसखंभा माता तांत्रिक देवी है और उनकी पूजा भी उसी तरह से की जाती है। राजा विक्रमादित्य के काल से ही मंदिर में प्रसाद के रूप में महाअष्टमी को देवी पर शराब की धारा प्रवाहित की जाती है। साथ ही ऐसी कामना की जाती है कि उज्जैन में सुख शांति बनी रहे और कोई प्रेतात्मा शहर की सीमा में प्रवेश न कर पाए।
लगभग 2500 वर्षो पहले शुरू हुई इस परंपरा का मंगलवार को भी निर्वाह किया गया। राजशाही के दौर में यह जिम्मेदारी राज परिवार निभाता था, आज जिला प्रशासन निभा रहा है। प्रभारी जिलाधिकारी मुकेश शुक्ला ने चौबीसखंभा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देवी को शराब का प्रसाद चढ़ाया।
शुक्ला ने आईएएनएस को बताया, "यह परंपरा काफी पुरानी है और प्रशासन इस जिम्मेदारी का निर्वाह कर रहा है।" उन्होंने कहा कि इस पूजन के लिए सरकार की ओर से बजट भी निर्धारित है।
चौबीसखंभा माता मंदिर में इस विशेष अनुष्ठान के पूरा होने के बाद एक मटके में शराब भरकर छेद कर दिया गया, जिससे शराब की धार निकलती रही और भक्तगण मटके में शराब भरते रहे। उल्लेखनीय है कि इस दौरान मौजूद भक्तों को प्रसाद के तौर पर शराब का ही वितरण किया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications