जोधपुर मंदिर हादसा अदालत पहुंचा
जयपुर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवरात्रि के पहले दिन जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में चामुंडा मंदिर में हुई मौतों का मामला अदालत में पहुंच गया है। इस संबंध में दायर एक जनहित याचिका पर जोधपुर के एक न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।
इस याचिका में मेहरानगढ़ ट्रस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर, कार्रवाई करने की मांग की गई है। ट्रस्ट के संरक्षक जोधपुर के पूर्व महाराजा गज सिंह हैं। जोधपुर के इस हादसे को लेकर अदालत में दो इस्तगासे पेश किए गए थे लेकिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य राजनेताओं के खिलाफ दायर इस्तगासा वापस ले लिया गया है।
जोधपुर के निवासी गजेंद्र सिंह राव ने इस इस्तगासे में राज्य के गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया और सांसद जसवंत सिंह विश्नोई को भी पक्षकार बनाया था लेकिन उन्होंने सोमवार को अदालत से इस्तगासा वापस ले लिया।
दूसरी ओर जोधपुर के एक नागरिक मोहम्मद अली की याचिका पर अदालत ने यह मामला जांच के लिए सदर कोतवाली के सुपुर्द कर दिया है। इस याचिका में जोधपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी पार्टी बनाया गया है। हालांकि राज्य सरकार ने इन दोनों अफसरों को जोधपुर से हटा दिया है, ताकि जांच प्रभावित नहीं होने पाए।
राज्य के इतिहास में यह पहला मामला है जब जोधपुर में लोगों के दिलों पर राज करने वाले पूर्व महाराजा के प्रति वहां के लोगों का आक्रोश फूटा है। गौरतलब है कि इस हादसे में पहले मृतकों की संख्या 224 बताई गई थी लेकिन राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच लाख रुपए देने की घोषणा करते समय मृतकों की संख्या 215 मानी है। राज्य सरकार ने इस हादसे से अनाथ हुए बच्चों को बालिग होने तक चार हजार रुपये प्रति माह देने की घोषणा भी की है।
जोधपुर की त्रासदी ने राज्य भर में लोगों को हिला कर रख दिया है। सभी लोग जहां अपने अपने ढंग से शोक व्यक्त कर रहे हैं, वहीं राजधानी जयपुर के जवाहर कला केंद्र में युवा चित्रकारों ने रंगों के माध्यम से मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उनके चित्रों को देखकर लगा कि जोधपुर त्रासदी का दर्द पिघल कर कैनवास पर बह निकला है।
वरिष्ठ चित्रकार डॉ. जगमोहन माथोड़िया ने निर्देशन में बनाए गए इन चित्रों में लोमहर्षक दृश्यों वाले कोलाज ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। माथोड़िया ने इसे राजस्थान का अब तक का सबसे बड़ा ह्रदयविदारक हादसा बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications