उप्र में ट्रेनों में लूटपाट करने वाले छात्रों के गिरोह का पर्दाफाश
इटावा, 7 अक्टूबर(आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश में इटावा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने छात्रसंघ चुनाव के लिए ट्रेनों में लूटपाट कर पैसा जुटाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। बाकी फरार छात्रों की तलाश की जा रही है।
इटावा जीआरपी प्रभारी ए.के. सिंह ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि रजनीश यादव और अशोक यादव को रविवार देर रात मोबाइल सर्विलांस के जरिए गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ मिलकर गत एक अक्टूबर को इटावा के पास कालका-हावड़ा मेल ट्रेन में लूटपाट की थी। दोनों के पास से चोरी का सामान बरामद किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि पूछताछ में अशोक यादव ने बताया कि वह शहर के करम क्षेत्र महाविद्यालय (के.के.डी.सी.) का छात्र है और इस बार छात्रसंघ चुनाव में कोषाध्यक्ष के पद का चुनाव लड़ रहा है। चुनाव में होने वाले खर्चे को लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रेन में लूट की घटना को अजांम दिया।
अधिकारी ने बताया कि लूटपाट करने वाले सारे छात्र भरथना के रहने वाले हैं। उल्लेखनीय है भरथना विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव विधायक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications