यूसुफ के लिए वीजा पाने को प्रयासरत है पीसीबी
कराची, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों ने स्टार बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ के लिए कनाडा का वीजा हासिल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं जिससे कि चार देशों की ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के लिए उन्हें पाकिस्तानी टीम में शामिल किया जा सके।
प्रतियोगिता के लिए पाकिस्तान टीम का चयन सोमवार को होना था लेकिन वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण इसे फिलहाल अगली सूचना तक के लिए टाल दिया गया है।
यूसुफ को संभावितों की सूची में शामिल नहीं किया गया था लेकिन चयनकर्ताओं पर पक्षपात का आरोप लगाने के बाद उनका नाम इस सूची में डाल दिया गया।
संभावितों की सूची में शामिल करने के बाद पीसीबी ने यूसुफ का पासपोर्ट कनाडा के दूतावास के पास भेजा। सूत्रों के मुताबिक कनाडा दूतावास इतने कम समय में यूसुफ के लिए वीजा जारी करने का इच्छुक नहीं है।
पीसीबी के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि कनाडा दूतावास ने साफ कर दिया है कि वह अंतिम रूप से चुने गए 15 पाकिस्तानी खिलाड़ियों के नाम ही वीजा जारी करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications