माइकल क्लार्क के लिए बेहद खास है बेंगलुरू
सिडनी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के उपकप्तान माइकल क्लार्क भारत के साथ खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट श्रंखला के पहले मुकाबले के लिए बेंगलुरू पहुंचने के बाद काफी खुश हैं।
क्लार्क के लिए बेंगलुरू बेहद खास है क्योंकि वर्ष 2004 की श्रंखला के दौरान अपने करियर का पहला टेस्ट खेलते हुए उन्होंने 151 रनों की यादगार पारी खेली थी। आस्ट्रेलिया वह मैच 251 रन से जीतने में सफल रहा था।
क्लार्क की बदौलत ही आस्ट्रेलिया ने 35 वर्ष बाद भारत में टेस्ट श्रंखला जीतने की ओर पहला कदम बढ़ाया था। बेंगलुरू टेस्ट के बाद से क्लार्क अब तक 35 टेस्ट मैच खेल चुके हैं लेकिन उस मैच की याद उनके दिल में अब भी ताजा है।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' से बातचीत के दौरान क्लार्क ने कहा, "मेरे लिए बेंगलुरू टेस्ट कभी न भूलने वाला अनुभव है। चार साल बाद मैं ठीक वैसी ही पारी खेलने की इच्छा रखता हूं। मैं उस पल को दोहराना चाहता हूं।"
मौजूदा श्रंखला में अपनी टीम के प्रदर्शन के बारे में क्लार्क ने कहा कि उनके साथियों को भारत में खेलने का बहुत कम अनुभव है लेकिन इसके बावजूद वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
बकौल क्लार्क, "हमारी टीम संतुलित है। हालांकि यह सही है कि हमें भारत में खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है लेकिन इसके बावजूद हम भारत को कड़ी टक्कर देंगे।"
क्लार्क ने हालांकि अपनी टीम के मध्यक्रम को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा, "बोर्ड अध्यक्ष एकादश के साथ खेले गए चार दिवसीय अभ्यास मैच को एक संकेत के तौर पर लेने पर मैं मध्यक्रम में खुद को अकेला महसूस करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications