एयरटेल डीटीएच कारोबार में उतरेगी (लीड-1)
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। निजी क्षेत्र की प्रमुख दूरसंचार कंपनी एयरटेल ने मंगलवार को 'डाइरेक्ट-टू-होम (डीटीएच) सेटेलाइट टेलीविजन' सेवा बाजार में उतरने की घोषणा की। इस महीने की नौ तारीख यानी गुरुवार से यह सेवा देश के 62 शहरों में उपलब्ध होगी।
एयरटेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक मनोज कोहली ने नई दिल्ली में मंगलवार को कहा, "एयरटेल के लिए बाजार (डीटीएच) में उतरने का यह सही समय है। हम शीघ्र ही इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बन जाएंगे।"
कोहली ने कहा कि एयरटेल ने अपनी डीटीएच सेवा देश के 22.5 करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इनमें से केवल 7-8 करोड़ केबल कनेक्शन से जुड़े होंगे।
गौरतलब है कि देश में डीटीएच सेवा फिलहाल बाजार के मात्र तीन प्रतिशत हिस्से में पहुंच पाई है। इसके मात्र 70 लाख उपभोक्ता हैं। कोहली ने कहा, "हम मानते हैं कि पिछला दो वर्ष देश में डीटीएच सेवाओं का शैक्षणिक स्तर था। अब उपभोक्ताओं को पता चल गया है कि डीटीएच केबल कनेक्शन से बेहतर सेवा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications