गांगुली की बेटी के अपहरण की धमकी
कोलकाता/बेंगलुरू, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को फिर धमकी मिली है कि उनकी छह वर्षीय बेटी का अपहरण किया जा सकता है। बेटी के अपहरण के संबंध में पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी धमकी उन्हें मिली है।
सौरव ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा तो की ही साथ ही उन अटकलों को भी सही करार दिया कि उनकी एकमात्र बेटी के अपहरण को लेकर उन्हें धमकियां मिली हैं।
बेंगलुरू में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान सौरव ने कहा, "यह सच है लेकिन बेहतर होगा कि हम इसके बारे में चर्चा न करें।" उन्होंने अपहरण भरी धमकियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इंकार कर दिया।
उधर, कोलकाता में खुफिया विभाग के सूत्रों ने भी स्वीकार किया है कि सौरव की बेटी सारा के अपहरण के बारे में गांगुली परिवार को दो धमकियां मिली हैं। धमकी में दो करोड़ रुपये की मांग की गई है। हालांकि धमकी भरे ये पत्र गांगुली की पत्नी डोना के नाम लिखे गए हैं।
पहला पत्र तकरीबन एक महीने पहले आया था जबकि दूसरा 10-11 दिनों पहले आया था। राज्य की आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) मामले की जांच कर रही है। बहरहाल, राज्य सरकार ने गांगुली को उच्चस्तरीय सुरक्षा मुहैया करा रखी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications