शोएब की किस्मत का फैसला बुधवार को
लाहौर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के विवादित तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अगले महीने कनाडा में होने वाली चार देशों की ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के साथ अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर दोबारा शुरू कर सकेंगे या नहीं इस बात का फैसला लाहौर उच्च न्यायालय के फैसले पर टिका है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डॉन' के मुताबिक न्यायालय बुधवार को इस बात का फैसला करेगा कि एक स्थानीय न्यायालय द्वारा अनुशासनहीनता के अलग-अलग मामलों के लिए लगाया गया 70 लाख रुपये जुर्माना दिए बगैर अख्तर पाकिस्तान के लिए खेल सकते हैं या नहीं।
जुर्माने की राशि की भरपाई के संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा दायर की गई याचिका पर शुक्रवार को ही सुनवाई होनी थी, लेकिन ईद की छुट्टियों के कारण इसे बुधवार तक के लिए टाल दिया गया।
पीसीबी ने अपनी याचिका में न्यायालय से यह फैसला करने की गुजारिश की है कि बगैर जुर्माना दिए अख्तर को पाकिस्तानी टीम में शामिल किया जाए या नहीं। पीसीबी को टोरंटो टूर्नामेंट के लिए सोमवार को टीम की घोषणा करनी थी, लेकिन फिलहाल इसे बुधवार तक के लिए टाल दिया गया है।
अख्तर ने 10 महीने से एक भी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। कुछ दिनों पहले वे काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए खेले थे लेकिन वहां उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। चार देशों की प्रतियोगिता में पाकिस्तान तथा मेजबान कनाडा के अलावा श्रीलंका और जिंबाब्वे की टीमें शिरकत करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications