बजरंग दल पर लग सकता है प्रतिबंध : शकील अहमद
पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री शकील अहमद ने कहा है कि बजरंग दल एक आतंकवादी संगठन है और केंद्र सरकार प्रतिबंधित स्टुडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) की ही तरह इस पर भी प्रतिबंध लगाने से नहीं हिचकिचाएगी।
अहमद ने आईएएनएस को बताया, "इसमें थोड़ा भी शक नहीं कि बजरंग दल एक आतंकवादी संगठन है। वह आतंक फैलाने की घटनाओं में शामिल है। सिमी की तर्ज पर केंद्र सरकार बजरंग दल पर भी प्रतिबंध लगा सकती है।"
अहमद ने कहा, "बजरंग दल की आतंक फैलाने संबंधी गतिविधियों के संबंध में चार से पांच राज्यों की सरकारें यदि केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट भेजें तो सरकार इस संगठन पर प्रतिबंध लगा देगी।"
उन्होंने कहा कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि बजरंग दल आतंक फैलाने की गतिविधियों में शामिल है। इसलिए केंद्र सरकार उस पर प्रतिबंध लगाने से नहीं हिचकेगी।
अहमद ने कहा कि कोई भी संगठन यदि आतंक फैलाने संबंधी गतिविधियों में शामिल है, तो उसे आतंकवादी संगठन माना जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications