मुसलमान बना रहे हैं मध्यप्रदेश का सबसे लंबा रावण
भोपाल, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में रावण का सबसे लंबा पुतला तैयार करने में जुटे मुहम्मद इस्माइल और उनके साथी जाति और धर्म की सीमाएं लांघकर सांप्रदायिक सद्भाव की जीती-जागती मिसाल पेश कर रहे हैं।
कोलार हिन्दू उत्सव समिति और समाचार पत्र समूह 'राजस्थान पत्रिका' मिलकर दशहरा मैदान में 100 फुट ऊंचे रावण का दहन करने की तैयारी में जुटे हैं। इस विशालकाय और भव्य रावण के पुतले को बनाने की जिम्मेदारी जयपुर के इस्माइल और उनके साथियों को सौंपी गई है। ये सभी लोग पिछले 25 दिन से रावण, कुम्भकरण और मेघनाथ के पुतलों को आकार देने में जुटे हैं। इस बार आयोजन समिति आतंकवाद का पुतला भी जलाने वाली है।
इस्माइल और उनके परिवार की तीन पीढ़ियां रावण के पुतलों का निर्माण करती आ रही हैं। वे बताते हैं कि हर धर्म में बुराई को अच्छी नजर से नहीं देखा जाता। हिंदू समाज में रावण रूपी पुतले के जरिए बुराई का दहन किया जाता है। यह देखकर उन्हें सुख की अनुभूति होती है। रावण के पुतले बनाने में उनका धर्म कहीं आड़े नहीं आता।
राजस्थान से अपने चार साथियों के साथ आए इस्माइल बताते हैं कि वे पिछले 25 साल से रावण के पुतलों का निर्माण करते आ रहे हैं और पहली बार 100 फुट ऊंचे पुतले को आकार देने में जुटे हैं। इससे पहले उन्होंने कभी इतना लंबा पुतला नहीं बनाया है। उनका दावा है कि और कहीं भी इतना लंबा पुतला नहीं बनाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस
**












Click it and Unblock the Notifications