आस्ट्रेलिया को हल्के में न ले भारतीय टीम : गांगुली
मेलबर्न, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अपने साथियों से कहा है कि वे चार मैचों की टेस्ट श्रंखला में आस्ट्रेलियाई टीम को हल्के में न लें।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' से बातचीत के दौरान गांगुली ने कहा कि आस्ट्रेलियाई टीम भले ही औसत फार्म में है लेकिन उसमें परिस्थितियों के मुताबिक अच्छा प्रदर्शन करना का माद्दा है।
गांगुली ने कहा, "अभ्यास मैच के आधार पर हमें आस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अपनी रणनीति में नरमी नहीं बरतनी चाहिए। टेस्ट और अभ्यास मैच बिल्कुल अलग होते हैं लिहाजा मैं अपनी टीम को पूरी तरह सावधान रहने की सलाह दूंगा।"
गांगुली मानते हैं कि ब्रेट ली की अगुआई में आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज भारतीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हमारे लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।" ली के अलावा आस्ट्रेलियाई आक्रमण पंक्ति में मिशेल जानसन और स्टुअर्ट क्लार्क शामिल हैं।
श्रंखला के पहले दो मैचों के लिए भारतीय टीम में जगह पाने वाले गांगुली ने कहा कि वे आस्ट्रेलिया पर जीत के साथ अपना अंतर्राष्ट्रीय करियर खत्म करना चाहते हैं।
गांगुली ने कहा, "आस्ट्रेलिया को हराना हर टीम का सपना रहा है। हालांकि इससे पहले हमने उसे हराया है। यह श्रंखला मेरे लिए खास है क्योंकि मैं जीत के साथ अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का अंत करना चाहता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications